बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट; 80 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जुलाई के अंतिम दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में अपेक्षाकृत कम बारिश के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं रायपुर, गरियाबंद और धमतरी समेत कई जिलों में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में रायपुर 33 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। राजधानी में पिछले दो दिनों से तापमान बढ़ रहा है। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को लटोरी, कुसमी, पत्थलगांव, मैनपाट, सीतापुर और पौड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में एक से दो सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार 26 जुलाई को प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि रायपुर समेत कुछ मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने की भी संभावना है।
वर्तमान में मानसून द्रोणिका जैसलमेर, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, शिवपुरी, दतिया, सीधी, डाल्टनगंज और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा करीब 24 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक पूर्व-पश्चिम शियर जोन सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
रायपुर में बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में रविवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर में बारिश, आकाशीय बिजली और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

admin 




