रायपुर को मिले दो नए मॉडर्न गार्डन :डेढ़ करोड़ की परियोजना का लोकार्पण, ग्रामीण क्षेत्र में 1.43 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

रायपुर को मिले दो नए मॉडर्न गार्डन :डेढ़ करोड़ की परियोजना का लोकार्पण, ग्रामीण क्षेत्र में 1.43 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने कॉर्पोरेट एनवायरनमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीईआर) निधि के तहत गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन के सहयोग से कबीर नगर और कचना जीएडी कॉलोनी में करीब 1.51 करोड़ की लागत से विकसित दो आधुनिक उद्यान रविवार को जनता को समर्पित किए। 

रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और महापौर मीनल चौबे ने फीता काटकर दोनों उद्यानों का लोकार्पण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कबीर नगर स्थित पानी टंकी परिसर में करीब पौने दो एकड़ क्षेत्र में 86.22 लाख तथा कचना जीएडी कॉलोनी में लगभग दो एकड़ क्षेत्र में ₹64.64 लाख की लागत से उद्यान विकसित किए गए हैं। दोनों पार्कों में मियावाकी वन, ओपन जिम, बच्चों के लिए आधुनिक प्ले एरिया, वॉकिंग-जॉगिंग ट्रैक, गज़ेबो, आकर्षक लैंडस्केपिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। फाउंडेशन अगले पांच वर्षों तक इन उद्यानों का रखरखाव भी करेगा।

लोकार्पण समारोह में ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि कबीर नगर का नया उद्यान क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने वार्ड-2 के पार्षद भगतराम हरबंश की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को मंजूरी मिल रही है। उन्होंने गोयल टीएमटी समूह और गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन की सामाजिक भागीदारी को भी सराहा।

इस अवसर पर विधायक ने रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-2 में 1.43 करोड़ की लागत से सीसी रोड, नाली, पाइपलाइन विस्तार और सामुदायिक भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने बताया कि सोनडोंगरी मुक्तिधाम तक पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा और डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक के पास एक विशाल सामुदायिक भवन भी बनाया जाएगा।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम शहर के अन्य क्षेत्रों की तरह कबीर नगर को भी सभी आवश्यक सुविधाओं से विकसित करेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नए उद्यानों की देखभाल में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के अध्यक्ष भोलाराम साहू, जोन-9 अध्यक्ष गोपेश साहू, पार्षद भगतराम हरबंश, महेंद्र औसर, अर्जुन यादव, गोयल टीएमटी समूह के वरिष्ठ महाप्रबंधक सुरेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान माँ तारिणी महिला स्वसहायता समूह द्वारा सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को विधायक, महापौर और आयुक्त ने प्रशिक्षण प्रमाणपत्र भी वितरित किए।