राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को भेजा पत्र,पढ़िए क्या है खास ...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को भेजा पत्र,पढ़िए क्या है खास ...

जन्मदिन की बधाई राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहने का दिया आशीर्वाद

पीएम मोदी ने बृजमोहन के व्यक्तित्व और सेवा भाव को बताया भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा

रायपुर। देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल को जन्मदिवस पर बधाई दी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विशेष बधाई पत्र भेजकर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। राष्ट्रपति द्वारा व्यक्तिगत रूप से भेजा गया यह पत्र सांसद अग्रवाल के लंबे सार्वजनिक जीवन और उनकी सेवा यात्रा के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में बृजमोहन अग्रवाल के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए लिखा "मैं आपके जन्मदिवस 1 मई पर आपको हार्दिक बधाई देती हूँ। ईश्वर आपको स्वस्थ और प्रसन्न रखे तथा आने वाले कई वर्षों तक आप राष्ट्र की अनवरत एवं निष्ठापूर्वक सेवा करते रहें।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पत्र के माध्यम से बधाई संदेश देते हुए सांसद अग्रवाल के सार्वजनिक जीवन, उनकी कार्यकुशलता और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण की जमकर प्रशंसा की है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि आपके जन्मदिन के अवसर पर मैं आपके सुख, उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी जीवन की कामना करता हूँ।  "आपके व्यक्तित्व में कर्मठता, अनुशासन और समाज सेवा की भावना प्रशंसनीय है। आपके विचार और कार्य न केवल वर्तमान को दिशा दे रहे हैं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी अहम है। "



विकसित भारत के संकल्प में सहभागिता

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि 'अमृत काल' में एक भव्य और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में राष्ट्र जो कदम बढ़ा रहा है, उसमें बृजमोहन अग्रवाल का अनुभव और योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिले इस आत्मीय संदेश पर हर्ष व्यक्त करते हुए श्री बृजमोहन अग्रवाल ने उनका आभार जताया है, सांसद अग्रवाल ने कहा कि, प्रधानमंत्री जी का स्नेह और मार्गदर्शन उनके लिए ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे जनता की सेवा और विकसित भारत के विजन को धरातल पर उतारने के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल छत्तीसगढ़ के कद्दावर नेताओं में शुमार हैं और वर्तमान में रायपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया।

गौरतलब है कि 1 मई को उनके 67वें जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर केक काटने, मिठाई वितरण, पूजा-अर्चना सहित अनेक सामाजिक आयोजनों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में जनसामान्य की सक्रिय भागीदारी ने उनके प्रति अपार स्नेह और सम्मान को उजागर किया।

चार दशकों से अधिक के सार्वजनिक जीवन में भी बृजमोहन अग्रवाल के प्रति जनता का विश्वास और प्रेम निरंतर बढ़ता जा रहा है। वे भी उसी आत्मीयता और ऊर्जा के साथ जन-जन से जुड़ते हुए उनके सुख-दुख में सहभागी बनते रहे हैं। जनप्रतिनिधि और आम जनता के बीच इस प्रकार का आत्मीय संबंध वास्तव में अत्यंत दुर्लभ और प्रेरणादायक है।