कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट: DRG के 4 जवान शहीद; सर्चिंग के दौरान हुआ विस्फोट, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
IED Blast
नारायणपुर/कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में शनिवार को हुए IED ब्लास्ट में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के चार जवान शहीद हो गए। यह घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब सुरक्षा बल सर्चिंग अभियान पर निकले थे। रविवार को सभी शहीद जवानों का अंतिम संस्कार नारायणपुर पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
IED निष्क्रिय करते समय हुआ विस्फोट
जानकारी के मुताबिक, 2 मई को DRG की टीम सर्चिंग ऑपरेशन पर थी। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा लगाया गया IED मिला। बम को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर निष्क्रिय करने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस धमाके में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले मौके पर ही शहीद हो गए।
इलाज के दौरान चौथे जवान ने तोड़ा दम
घटना में घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम को गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया था। देवेंद्र नगर स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह कुल चार जवान इस हमले में शहीद हो गए।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
रविवार को शहीदों के पार्थिव शरीर नारायणपुर पुलिस लाइन लाए गए, जहां तिरंगे में लिपटे जवानों को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुरक्षा बलों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की और पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद सभी शहीद जवानों के पार्थिव शरीर उनके गृह ग्रामों के लिए रवाना किए गए।
बस्तर में फिर उजागर हुई नक्सल चुनौती
इस घटना ने एक बार फिर बस्तर क्षेत्र में नक्सल समस्या की गंभीरता को सामने ला दिया है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं शहीद जवानों—सुखराम वट्टी, कृष्णा कोमरा, संजय गढ़पाले और परमानंद कोर्राम—की शहादत ने लोगों के मन में गर्व और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया है।

admin 





