भीषण गर्मी के बाद मौसम का यू-टर्न: 3 दिन में 2-3°C गिरेगा तापमान; आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में झुलसाती गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में दिनभर तेज धूप के बाद शाम को बादल छाए और रात में तेज अंधड़ चला। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली है।
3 दिन में तापमान में गिरावट के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद आने वाले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर कुछ कम हो सकता है।
प्रदेश में 43.5°C तक पहुंचा पारा
शनिवार को उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है। खासकर 4 और 5 मई को गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
द्रोणिका के असर से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और दक्षिणी असम से मणिपुर तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
रायपुर में आज आंशिक बादल, बारिश के आसार
3 मई को रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

admin 





