अवैध संबंध के शक में पड़ोसी की पत्नी ने डंडे से पीटा, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार 

अवैध संबंध के शक में पड़ोसी की पत्नी ने डंडे से पीटा, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार 

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम रोकनी में हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि आपसी विवाद के दौरान मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत 
पुलिस के मुताबिक, सोनकली बैगा (22) को उसके पति जेठूराम बैगा ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल कवर्धा में भर्ती कराया था। 27 अप्रैल 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती सूचना पर कवर्धा थाने में मामला दर्ज किया गया, जबकि घटना कुकदूर थाना क्षेत्र की होने के कारण वहां मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

अवैध संबंध के शक में हुआ विवाद 
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतिका का पड़ोसी अर्जुन बैगा के साथ कथित संबंध था। 21 अप्रैल को अर्जुन की पत्नी मंदाकिनी बैगा ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

डंडे से हमला, गंभीर चोटें आईं
विवाद के दौरान गुस्से में आकर मंदाकिनी बैगा ने सोनकली बैगा पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद वह अपने घर पहुंची, जहां से परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म 
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी मंदाकिनी बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।