वेदांता पावर प्लांट में भीषण बॉयलर ब्लास्ट, कई मजदूर झुलसे
सक्ती। जिले में स्थित वेदांता (VLCTPP) पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, डभरा क्षेत्र में स्थित प्लांट में नियमित कामकाज के दौरान अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तीव्र था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे पूरे सिंघीतराई गांव में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि कुछ मजदूर मलबे में दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों और सक्ती जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

admin 





