चुनावी नुकसान से बचने भाजपा ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें रोके रखीं: सचिन
महिला आरक्षण को जानबूझकर लागू नहीं किया: सचिन
रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने महंगाई, महिला आरक्षण और जंगल कटाई जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनावी नुकसान से बचने के लिए महंगाई को रोका गया और महिला आरक्षण को जानबूझकर लागू नहीं किया गया।
सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि देश वैश्विक आर्थिक स्थिति के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान राजनीतिक नुकसान से बचने के लिए महंगाई बढ़ोतरी को रोके रखा, लेकिन अब कीमतें बढऩे से आम लोगों के घरों का आर्थिक संतुलन बिगड़ जाएगा। पायलट ने इसे सरकार की अल्पकालिक राजनीतिक सोच का परिणाम बताया। महिला आरक्षण को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि बिल तीन साल पहले ही पारित हो चुका था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे लागू करने की नीयत नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की कोशिश की गई, जिसे पूरे विपक्ष ने मिलकर रोक दिया। पायलट ने कहा कि यदि 543 सीटों पर महिला आरक्षण लाया जाता, तो कांग्रेस पूरा समर्थन करती। भाजपा महिलाओं को भ्रमित कर रही है और कांग्रेस इसे जनता के सामने उजागर करेगी।
सचिन पायलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जंगल और पेड़ों की कटाई बड़ी चिंता का विषय है। कोर्ट के आदेशों के बावजूद रातों-रात पेड़ काटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन कुछ विशेष लोगों तक सीमित है और प्रभावित समुदायों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा। पायलट ने बताया कि आदिवासी समाज में इस मुद्दे को लेकर गहरा आक्रोश है और उनकी चिंताओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
महिला आरक्षण को जनता तक ले जाएगी कांग्रेस
सचिन पायलट ने बताया कि कांग्रेस महिला आरक्षण पर बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रही है। यह मुद्दा व्यापक स्तर पर जनता के बीच ले जाया जाएगा, ताकि महिलाओं के अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

admin 





