VIP रेस्टहाउस में शराब पार्टी का खुलासा, मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

VIP रेस्टहाउस में शराब पार्टी का खुलासा, मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

कोरबा। जिले में सरकारी वीआईपी रेस्टहाउस के दुरुपयोग का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। डीएसपीएम के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार सहित चार अन्य अधिकारी रेस्टहाउस के कमरे में शराब पार्टी करते पाए गए। मामला उजागर होते ही उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मौके पर पहुंची टीम को बी-टाइप वीआईपी रेस्टहाउस के कमरे में शराब की खाली बोतलें, चखना और पानी इधर-उधर बिखरा हुआ मिला। वहीं किचन के फ्रीजर में बियर की बोतलें रखी हुई थीं, जिससे साफ है कि सरकारी परिसर में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।

जानकारी के मुताबिक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक कोरबा दौरे पर थे। उनसे मुलाकात के लिए मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी रेस्टहाउस पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मंत्री को सूचना दी कि वीआईपी कमरे में कुछ अधिकारी शराब पार्टी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही मंत्री देवांगन ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्पादन कंपनी के एमडी एस.के. कटियार से फोन पर चर्चा की और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिलहाल इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।