अंतरराष्ट्रीय कोकीन रैकेट का भंडाफोड़, दिल्ली से नाइजीरियन समेत दो गिरफ्तार

अंतरराष्ट्रीय कोकीन रैकेट का भंडाफोड़, दिल्ली से नाइजीरियन समेत दो गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में कोरियर के जरिए कोकीन की सप्लाई करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में रायपुर पुलिस ने दिल्ली में बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के तिलक नगर निवासी सन्नी शर्मा और नाइजीरिया निवासी तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 9.70 लाख रुपए नकद, पांच आईफोन, तीन चेकबुक सहित करीब 11 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह नाइजीरिया से संचालित हो रहा था और देश के विभिन्न राज्यों में कोकीन की सप्लाई कर रहा था। इस कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तथा देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

इस पूरे मामले का खुलासा 19 मार्च 2026 को हुआ था, जब देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित नारायणा हॉस्पिटल के पास कृष्ण गोपाल अग्रवाल को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 2.27 लाख रुपए मूल्य की कोकीन, एक चारपहिया वाहन और एक आईफोन जब्त किया गया था।

पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली कि कोकीन की आपूर्ति एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से की जा रही थी, जिसका संचालन दिल्ली से हो रहा था। आरोपी कोकीन को बीपी मशीन के डिब्बों में छिपाकर कोरियर के जरिए रायपुर सहित अन्य शहरों में भेजते थे, ताकि किसी को शक न हो।

सूचना के आधार पर रायपुर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और तिलक नगर क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े होने की बात स्वीकार की है।

जांच में यह भी सामने आया है कि नाइजीरिया में बैठा ‘चिची’ नामक शख्स इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वहीं, सन्नी शर्मा कमीशन के एवज में अपने बैंक खातों के माध्यम से लेन-देन करता था।

पुलिस के अनुसार, पिछले छह महीनों में आरोपियों के बैंक खातों से करीब 2 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ है। फिलहाल इन वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ देवेंद्र नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22बी के तहत अपराध क्रमांक 33/26 दर्ज किया गया है।