प्रदेश के छह जलप्रपातों की तस्वीरें, अब डाक से देशभर में पहुंचेंगी

प्रदेश के छह जलप्रपातों की तस्वीरें, अब डाक से देशभर में पहुंचेंगी
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन धरोहर को देशभर में पहचान दिलाने के लिए डाक विभाग ने अनूठी पहल की है। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत फिलाटेली दिवस पर छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने प्रदेश के छह प्रसिद्ध जलप्रपातों पर आधारित विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड जारी किए। 
इस पहल के माध्यम से राज्य की प्राकृतिक संपदा को डाक के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने और पर्यटन स्थलों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ाने का प्रयास किया गया है। विशेष पोस्टकार्ड के विमोचन के अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार, निदेशक डाक सेवाएं सुबोध प्रताप सिंह, निदेशक डाक (लेखा) सुश्री नीरू सहित डाक विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान भारतीय डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, जनहितकारी पहलों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पर भी चर्चा की गई।
छत्तीसगढ़ अपने घने जंगलों, पहाडिय़ों, नदियों और मनमोहक जलप्रपातों के लिए जाना जाता है। राज्य की प्राकृतिक विरासत पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं रखती है। ऐसे में छह प्रसिद्ध जलप्रपातों पर आधारित विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड जारी करने की पहल को राज्य की पर्यटन पहचान को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। डाक विभाग का व्यापक नेटवर्क इन पोस्टकार्डों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता को अधिक लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बन सकता है। पोस्टकार्ड न केवल पर्यटन स्थलों की तस्वीरों को लोगों तक पहुंचाएंगे, बल्कि फिलाटेली यानी डाक टिकटों और डाक संग्रह से जुड़ी रुचि को भी प्रोत्साहित करेंगे।