जादू-टोने के संदेह में डबल मर्डर, टंगिया से चाची-भाई की हत्या

जादू-टोने के संदेह में डबल मर्डर, टंगिया से चाची-भाई की हत्या
डोंगरगढ़ (चैनल इंडिया)। ग्राम चौथना में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। नौ अक्टूबर को एक घर में मां कमला सोनकर और बेटे खुमेन्द्र सोनकर के शव मिले थे, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी हेमंत कुमार सोनकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ग्राम चौथना में नौ अक्टूबर को उस समय हडक़ंप मच गया, जब सुखी सोनकर अपने घर पहुंचा। घर के भीतर उसकी पत्नी कमला सोनकर और बेटे खुमेन्द्र सोनकर के शव पड़े थे। वहीं, बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल थी। घटना की जानकारी मिलते ही घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान घटना के बाद से फरार चल रहे हेमंत कुमार सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद सोनू सोनकर और केशर सोनकर की भूमिका भी सामने आई। प्रारंभिक विवेचना में पारिवारिक विवाद और परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने को लेकर जादू-टोना किए जाने के संदेह को वारदात की वजह माना जा रहा है। 
पुलिस का आरोप है कि मुख्य आरोपी ने अपने चचेरे भाई खुमेन्द्र सोनकर और चाची कमला सोनकर पर धारदार हथियार से हमला किया। इस दौरान चचेरी बहन ममता सोनकर को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरी नंदन नायक के अनुसार पुलिस ने हेमंत कुमार सोनकर, सोनू सोनकर और केशर सोनकर को  गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।