सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, जंगल से नक्सलियों का डंप बरामद; रायफल और 49 जिंदा कारतूस जब्त
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भेज्जी थाना क्षेत्र के बोधराज पाड़र के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया। कार्रवाई में एक रायफल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाया गया। 3 अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोधराज पाड़र के जंगलों में नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना के आधार पर रवाना किया गया था।
सर्च ऑपरेशन में मिला हथियारों का जखीरा
जंगल में सघन तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों का छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया। मौके से निम्न सामग्री जब्त की गई—
-
.315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल – 1 नग
-
7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस
-
7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस
-
एक एल्यूमिनियम कंटेनर
बरामद सामग्री को जब्त कर पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नक्सल विरोधी अभियान रहेगा जारी
सर्च अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई। सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और नक्सलियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।
admin




