नगर पंचायत माना कैम्प ने चलाया पीएम स्वनिधि जागरूकता अभियान
माना। नगर पंचायत माना कैम्प जिला रायपुर में पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडरों एवं सड़क किनारे व्यवसायियों को किया गया जागरूक। नगर पंचायत माना कैम्प के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सौरभ बाजपेयी के निर्देशन में प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडरों एवं सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को योजना का लाभ दिलाने हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न बाजार क्षेत्रों का भ्रमण कर ठेलागुमटी, फेरी एवं फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों से संपर्क किया गया तथा उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। हितग्राहियों को बताया गया कि योजना के माध्यम से वे अपने व्यवसाय के विस्तार एवं आर्थिक सुदृढ़ीकरण के लिए आसान शर्तों पर ऋण प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ बाजपेयी ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से स्ट्रीट वेंडरों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रथम चरण में 15,000/-, द्वितीय चरण में 25,000/- तथा तृतीय चरण में 50,000/- तक का ऋण प्रदान किया जाता है।
समय पर ऋण अदायगी करने वाले हितग्राहियों को आगे की ऋण राशि प्राप्त करने की पात्रता भी मिलती है। उन्होंने सभी पात्र स्ट्रीट वेंडरों एवं सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों से अपील की कि वे नगर पंचायत माना कैम्प कार्यालय में संपर्क कर पीएम स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त करें और अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।

admin 




