छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, आज से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां; कई जिलों में भारी वर्षा के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। इस दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
इन इलाकों में हुई सबसे अधिक बारिश
सोमवार को रघुनाथनगर में 8 सेंटीमीटर, वाड्रफनगर में 7 सेंटीमीटर, खड़गांव में 5 सेंटीमीटर, रामानुजगंज और रामचंद्रपुर में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि कोटाडोल, चिरमिरी और बलरामपुर में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मानसून द्रोणिका का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, औसत समुद्र तल पर सक्रिय मानसून द्रोणिका बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना होते हुए मणिपुर की ओर पूर्व दिशा में फैली हुई है। यह प्रणाली समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ी है, जिससे अधिकांश स्थानों पर बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
admin




