केरल में मानसून आज-कल, छत्तीसगढ़ में 10-15 तक
रायपुर (चैनल इंडिया)। देशभर की नजरें इस समय दक्षिण-पश्चिम मानसून पर टिकी हुई हैं। भारतीय मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार मानसून आज-कल केरल में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद मानसूनी हवाएं धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए मध्य भारत की ओर रुख करेंगी, जिससे छत्तीसगढ़ में भी जल्द राहत भरी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में केरल पहुंचने के 7 से 10 दिनों के भीतर मानसून छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच जाता है। यदि वर्तमान मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो राज्य में मानसून की दस्तक 10 से 15 जून के बीच हो सकती है। हालांकि अंतिम स्थिति मानसूनी सिस्टम की गति और अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी में बनने वाली मौसमी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।
छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और राज्य की बड़ी आबादी कृषि पर निर्भर है। खरीफ सीजन की बुवाई मानसून की बारिश पर काफी हद तक निर्भर करती है। समय पर मानसून पहुंचने से धान, मक्का, सोयाबीन और दलहन फसलों की बुवाई को गति मिलेगी तथा किसानों को सिंचाई लागत में राहत मिलेगी। पिछले कई सप्ताह से छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के आगे बढऩे के साथ प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ेंगी और कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राज्य के किसानों, व्यापारियों और आम लोगों की निगाहें अब मानसून की प्रगति पर टिकी हैं। समय पर बारिश होने से जहां कृषि गतिविधियों को गति मिलेगी, वहीं जलाशयों और भूजल स्तर में सुधार की भी उम्मीद है। आने वाले एक सप्ताह में मानसून की रफ्तार तय करेगी कि छत्तीसगढ़ में बारिश की पहली जोरदार फुहार कब पड़ती है।
अगले कुछ दिन बढ़ेगी गर्मी
प्रदेश में एक बार फिर गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके चलते लोगों को उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

admin 




