नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 13.45 किलो गांजा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, दो अंतर्राज्यीय तस्कर भी दबोचे गए
रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलो 451 ग्राम गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो अंतर्राज्यीय तस्कर भी शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश के झांसी के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 लाख 72 हजार 550 रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुढ़ियारी, पंडरी और उरला थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहली कार्रवाई में गुढ़ियारी थाना पुलिस ने कबीर चौक ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बाजार के पास गांजा का परिवहन कर रहे दो युवकों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश रायकवाड़ और धीरज रायकवाड़ के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 9 किलो 866 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 4.93 लाख रुपये आंकी गई है।
दूसरे मामले में पंडरी थाना पुलिस ने दलदल सिवनी स्थित कचरा गोदाम के पास गांजा बेचते हुए कमलेश पटेल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 285 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.20 लाख रुपये है।
वहीं उरला थाना पुलिस ने बीरगांव के बुधवारी बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए संतराम निषाद को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 1 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 53 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

admin 




