दहेज के लिए गर्भवती पत्नी से मारपीट का आरोप: नवजात की मौत के बाद पति, सास-ससुर पर केस दर्ज

दहेज के लिए गर्भवती पत्नी से मारपीट का आरोप: नवजात की मौत के बाद पति, सास-ससुर पर केस दर्ज

गौरेला। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर से दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि गर्भावस्था के दौरान हुई बेरहमी से मारपीट के कारण उसके नवजात बेटे की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता मीना पुरी (25) ने पुलिस को बताया कि ग्राम लालपुर निवासी सोनू पुरी के साथ उसका प्रेम संबंध था। वर्ष 2022 में वह सोनू के साथ उसके घर चली गई थी और बाद में 5 जून 2023 को दोनों ने सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर लिया। विवाह के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन करीब एक वर्ष बाद पति और ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी गई।

मीना का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति सोनू पुरी, सास राधाबाई और ससुर सोनसाय उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। आरोपियों द्वारा गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक रूप से परेशान किए जाने की घटनाएं लगातार होती रहीं। पीड़िता के अनुसार गर्भवती होने के बाद भी उसके साथ दुर्व्यवहार बंद नहीं हुआ।

शिकायत में बताया गया है कि 11 अप्रैल 2026 को पति ने उसके साथ गंभीर मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान पति उसके पेट पर बैठ गया, जिससे वह बेहोश हो गई। घटना के बाद गर्भ में पल रहे बच्चे की हलचल बंद हो गई और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

स्वास्थ्य खराब होने पर 15 अप्रैल को उसे जिला अस्पताल गौरेला में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक पुत्र को जन्म दिया। जन्म के समय नवजात की हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। करीब 10 दिनों तक इलाज चलने के बाद भी बच्चे को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई।

पीड़िता ने अपने पति, सास और ससुर को प्रताड़ना तथा नवजात की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।