वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 जिंदा कछुओं के साथ आरोपी गिरफ्तार

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 जिंदा कछुओं के साथ आरोपी गिरफ्तार

पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर में वन विभाग ने वन्यजीवों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 11 जिंदा कछुओं के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को बाजार में कछुओं की बिक्री करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। वन विभाग ने उसके खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वन विभाग के अनुसार, वन स्तरीय उड़नदस्ता दल को सूचना मिली थी कि ग्राम पीवी-124 के साप्ताहिक बाजार में वन्यजीवों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई के दौरान आरोपी दीपांकर राय, निवासी ग्राम पीवी-117, को कछुओं की बिक्री करते हुए पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 जिंदा कछुए बरामद किए गए। वन विभाग के मुताबिक, जब्त किए गए कछुओं का कुल वजन करीब 7 किलो 10 ग्राम है।

वन अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वन विभाग का कहना है कि वन्यजीवों की अवैध तस्करी और खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय वन्यजीव तस्करों में हड़कंप मच गया है।