मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान: छत्तीसगढ़ में भी लागू होगी समान नागरिक संहिता, शीतकालीन सत्र में लाया जाएगा विधेयक

मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान: छत्तीसगढ़ में भी लागू होगी समान नागरिक संहिता, शीतकालीन सत्र में लाया जाएगा विधेयक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी यूसीसी लागू करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक के बाद प्रस्तावित विधेयक को आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा।

कर्नाटक रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समिति अपनी रिपोर्ट और सुझावों पर विचार-विमर्श करेगी। इसके बाद सरकार यूसीसी को लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी और शीतकालीन सत्र में इसे सदन के समक्ष रखा जाएगा।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि "कश्मीर की तरह पत्थरबाजी की संस्कृति को बढ़ावा देना उचित नहीं है। जो भी कानून हाथ में लेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।"

कर्नाटक दौरे पर रवाना हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि वह कर्नाटक के सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो रहे हैं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से भी उनकी मुलाकात होगी।