ट्रॉली बैग में मिला भारी मात्रा में गांजा, यूपी का युवक गिरफ्तार
रायपुर। मुजगहन थाना पुलिस ने पुराने धमतरी रोड स्थित खिलौना चौक के पास कार्रवाई करते हुए 15.500 किलो गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रॉली बैग में गांजा के तीन बड़े पैकेट लेकर घूम रहा था। जब्त गांजे की कीमत करीब 7.75 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल भी जब्त किया है। गांजा और मोबाइल समेत कुल जब्ती 7.90 लाख रुपए की है।
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को सूचना मिली थी कि खिलौना चौक के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ गांजा लेकर मौजूद है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां एक संदिग्ध युवक ट्रॉली बैग के साथ मिला। पूछताछ और नियमानुसार कार्रवाई के दौरान बैग की तलाशी ली गई, जिसमें भूरे रंग के टेप से लिपटे तीन बड़े पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा होना पाया गया।
*3 पैकेट में मिला गांजा*
पुलिस ने आरोपी फिरोज खान (19), पिता मैथुन, निवासी लोनी देहात, मुस्तफाबाद, चांद मस्जिद के पास, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के कब्जे से 15.500 किलो गांजा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 75 हजार रुपए है। इसके अलावा 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल भी जब्त किया गया।
*NDPS एक्ट में केस, जेल भेजा*
मुजगहन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 260/2026 के तहत धारा 20(बी) NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को 17 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
admin



