भारी बारिश की चेतावनी, बंगाल की खाड़ी का सिस्टम हुआ मजबूत

भारी बारिश की चेतावनी, बंगाल की खाड़ी का सिस्टम हुआ मजबूत
प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम तंत्र के मजबूत होने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढऩे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम लगातार ताकतवर हो रहा है। आगामी 24 से 48 घंटे के दौरान इसके गहरे अवदाब में तब्दील होने की संभावना है। इसके बाद मौसम तंत्र के आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढऩे के आसार हैं। मौसम तंत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान स्थानीय स्तर पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। मौसम तंत्र के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने और तेज बारिश के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रायपुर में भी गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल
राजधानी रायपुर में भी मौसम के करवट लेने के संकेत हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पडऩे की संभावना बनी हुई है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।