छत्तीसगढ़ में सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन, अंबिकापुर में पारा 9.2 डिग्री पर पहुंचा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर थमने के बाद अब ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है। उत्तर छत्तीसगढ़ में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा। 26 नवंबर को मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इसी दिन रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में 30 नवंबर तक और गिरेगा पारा
मौसम विभाग के माना केंद्र के अनुसार, 27 से 30 नवंबर के बीच रायपुर का अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा, दिन में पारा करीब 29 डिग्री और रात में लगभग 15 डिग्री तक रह सकता है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
अगले 5 दिन ठंड से राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, यानी फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा।
चक्रवाती परिसंचरण का असर नहीं
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तर ओडिशा और दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कम से कम अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
admin




























