रेलवे में क्लर्क की नौकरी का झांसा देकर 5.92 लाख की ठगी, आरोपी पर मामला दर्ज
भिलाई। रेलवे में क्लर्क की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 5.92 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी चंचल पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कबीरधाम जिले के मजगांव निवासी भागीरथी पटेल की रायपुर में चंचल पाल से पहचान हुई थी। आरोप है कि चंचल ने खुद को पूर्व सरकार के कैबिनेट मंत्रियों से करीबी संबंध वाला बताते हुए रेलवे में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि नौकरी के लिए 6 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। इसके बाद 27 दिसंबर 2022 को भागीरथी ने चंचल पाल को 5.92 लाख रुपये नकद दिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने 50 रुपये के स्टांप पर नोटरी कराकर दस्तावेज भी दिया और एक सप्ताह के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।
आरोपी ने यह भी कहा था कि यदि नौकरी नहीं लगी तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। हालांकि, न तो नौकरी लगी और न ही पैसे वापस किए गए। लंबे समय तक इंतजार के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बाद में उसे जानकारी मिली कि चंचल पाल ने अन्य लोगों से भी सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर रकम ली है, लेकिन उनकी भी नौकरी नहीं लग पाई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से जुड़े अन्य लोगों व लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।
admin



