Dial 112 टीम पर हमला करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

Dial 112 टीम पर हमला करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में डायल 112 की टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद प्रतापपुर पुलिस ने आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से कानून का सम्मान करने और अपराध से दूर रहने का संदेश भी दिलाया गया।

जानकारी के अनुसार, यह मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव का है। कुछ दिनों पहले हुए एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने एक ट्रक में आग लगा दी थी और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई थी।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में डायल 112 के आरक्षक और चालक के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आठ आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव के निवासी हैं।

वहीं, ट्रक में आगजनी के मामले में भी अलग से कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आगजनी से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रतापपुर पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।