ऑटो-ई-रिक्शा सफर होगा और सुरक्षित, ड्राइवर की पहचान अब QR कोड से होगी
भिलाईनगर। शहर में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस नई पहल शुरू करने जा रही है। इसके तहत ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का पंजीयन कर उन्हें QR कोड जारी किया जाएगा। QR कोड स्कैन करते ही संबंधित चालक और वाहन की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
यातायात पुलिस दुर्ग के मुताबिक यह व्यवस्था 16 अगस्त से शुरू करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन करना है।
150 चालकों को दी गई जानकारी
इस पहल को लेकर पुलिस नियंत्रण कक्ष में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें करीब 150 चालक शामिल हुए। बैठक में चालकों को QR कोड रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, इसके उद्देश्य और यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से इसके फायदे बताए गए।
इससे पहले 12 अगस्त को भी पुलिस कंट्रोल रूम में करीब 150 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने किया डेमो
एडिशनल एसपी ट्रैफिक कौशलेंद्र देव पटेल और डीएसपी ट्रैफिक विशाल सोन ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के रजिस्ट्रेशन और QR कोड जारी करने की प्रक्रिया का डेमो भी दिया।
अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े वाहनों एवं चालकों के सत्यापन को मजबूत करने की दिशा में यह कदम उठा रही है।
यात्रियों को मिलेगी जानकारी
नई व्यवस्था लागू होने के बाद QR कोड के जरिए चालक और वाहन से संबंधित पंजीकृत जानकारी तक पहुंच बनाई जा सकेगी। इससे यात्रियों को वाहन में सफर करने से पहले चालक की पहचान संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
दुर्ग पुलिस अब 16 अगस्त से पंजीयन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। इसके बाद ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा।
admin




