कुएं में गिरे बैल को डायल-112 और ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला, समय रहते बची जान

कुएं में गिरे बैल को डायल-112 और ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला, समय रहते बची जान

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पतंगवा में शुक्रवार को एक बैल पानी से भरे कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर बैल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12:38 बजे डायल-112 को बैल के कुएं में गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही गौरेला फाल्कन-1 टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। आरक्षक वीरेंद्र गर्ग और चालक लुपेंद्र कुमार ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान रस्सियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बैल को बिना किसी गंभीर चोट के सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। सफल रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और डायल-112 की टीम की तत्परता की सराहना की।

खुले कुओं को सुरक्षित करने की अपील

घटना के बाद जीपीएम पुलिस ने लोगों से खुले कुओं के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि निजी कुओं के चारों ओर मजबूत जाली, लोहे की रेलिंग या सुरक्षा बाड़ लगाई जाए, ताकि भविष्य में बच्चों, राहगीरों और मवेशियों के साथ इस तरह की दुर्घटनाएं न हों।