झांकी में डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस से हुई थी झूमाझटकी,4 आरोपी गिरफ्तार

झांकी में डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस से हुई थी झूमाझटकी,4 आरोपी गिरफ्तार

गणेश विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की,कुछ आरोपी फरार

रायपुर। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान तय समय के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने से रोकने पर पुलिसकर्मियों से विवाद और झूमाझटकी करने वाले चार आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर शासकीय कार्य में बाधा डाली। मामले में कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंची थी। पुलिस ने निर्धारित समय के बाद डीजे नहीं बजाने की समझाइश दी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम से बहस शुरू कर दी। समझाइश के बावजूद आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धमकी देते हुए धक्का- मुक्की व झूमाझटकी की।

घटना के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिविल लाइन पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने विजय तांडी (27), विशाल तांडी (29), दीपक तांडी (36) और भीम महानंद (32), सभी निवासी जगन्नाथ नगर, पंडरी को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 221, 224, 132(ए) और 191(1) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी जेल में निरुद्ध रह चुके हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता या झूमाझटकी करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।