सरकारी योजना में उम्र की शर्त बनी रोजगार में बाधा, डोंगरगढ़ के साइकिल मैकेनिक को हाईकोर्ट से मिली राहत

सरकारी योजना में उम्र की शर्त बनी रोजगार में बाधा, डोंगरगढ़ के साइकिल मैकेनिक को हाईकोर्ट से मिली राहत
बिलासपुर। जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना में अधिकतम आयु सीमा की शर्त एक मेहनतकश साइकिल मैकेनिक के रोजगार में बाधा बन गई थी, जिसके बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए याचिकाकर्ता को बड़ी राहत दी है। डोंगरगढ़ के वार्ड क्रमांक 5, इंदिरा नगर करबला चौक निवासी 40 वर्ष से अधिक उम्र के साइकिल मैकेनिक सतीश बिरहा को मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत दुकान आवंटन के मामले में उम्र की सीमा के कारण पात्रता से वंचित होना पड़ रहा था। इस नियम के खिलाफ सतीश बिरहा ने न्याय की गुहार लगाते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की, जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने उनके पक्ष में महत्वपूर्ण आदेश जारी कर दुकान आवंटन और रोजगार की राह आसान कर दी है।