ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाई जा रही 48 किलो गांजे की खेप पकड़ी गई, तीन तस्कर गिरफ्तार
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में देवभोग पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाई जा रही गांजे की खेप जब्त की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव पर दो अलग-अलग मामलों में कुल 48.300 किलोग्राम गांजा, दो कारें और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 31.31 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 29 और 30 जून 2026 को मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा और महाराष्ट्र की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने कार क्रमांक CG 08 AA 2218 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन की डिक्की में रखी एक प्लास्टिक बोरी से 8.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई में मारुति रिट्ज कार क्रमांक MH 51 A 2012 की तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई दो प्लास्टिक बोरियों से 40.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक तस्करों ने गांजे को इस तरह छिपाया था कि सामान्य जांच में आसानी से उसका पता नहीं चल सके।
मामले में पुलिस ने जितेंद्र बोलकेकर (41 वर्ष) निवासी जिला दुर्ग, परसू राम पोड़ (35 वर्ष) और पंकज वाघमोडे (34 वर्ष) निवासी जिला सांगली, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा, दोनों चारपहिया वाहन और चार मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना देवभोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप ओडिशा के किस क्षेत्र से लाई गई थी और इसे महाराष्ट्र में किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

admin 




