खेल के दौरान गमछा गले में फंसा, 10 वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत; परिवार में मातम

खेल के दौरान गमछा गले में फंसा, 10 वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत; परिवार में मातम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते समय गमछा गले में फंसने से 10 वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान रोमा राज (10 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बालको के सतनाम नगर में रहती थी। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी।

छोटे भाई के साथ खेलते समय हुआ हादसा

परिजनों ने बताया कि घटना के समय रोमा अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी। इसी दौरान उसने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि वह पहले भी छोटे भाई को हंसाने के लिए इस तरह की हरकत किया करती थी।

लेकिन इस बार खेल-खेल में गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा। जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी और उसे बचाने का प्रयास किया गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन तत्काल बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों से बच्चों पर नजर रखने और उन्हें ऐसे जोखिम भरे खेलों से दूर रखने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।