बुक डिपो में देर रात भीषण आग, शटर तोड़कर अंदर पहुंची SDRF; घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

बुक डिपो में देर रात भीषण आग, शटर तोड़कर अंदर पहुंची SDRF; घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

जगदलपुर। शहर के अनुपमा चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के समीप संचालित सूरज इंटरप्राइजेज बुक डिपो में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

शटर तोड़कर अंदर पहुंची SDRF की टीम

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। दुकान बंद होने के कारण अंदर पहुंचना संभव नहीं था। ऐसे में SDRF के जवानों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

किताबों और कागज के कारण तेजी से फैली आग

दुकान के भीतर बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां और अन्य स्टेशनरी सामग्री रखी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक आग को पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया जा सका था।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग पूरी तरह बुझने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर घटना के कारणों की जांच करेंगे।