पुरानी रंजिश में युवक पर टंगिया से हमला, आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर। कुकड़ाझोर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर टंगिया से हमला करने का मामला सामने आया है। विवाद के बाद आरोपी ने युवक के घर पहुंचकर उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की शाम गांव में एक बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान प्रार्थी और आरोपी राजकुमार कावड़े के बीच किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस के दौरान राजकुमार ने गाली-गलौज करते हुए युवक को जान से मारने की धमकी दी।
बताया गया कि बैठक खत्म होने के कुछ समय बाद आरोपी युवक के घर पहुंचा। वहां उसने टंगिया से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल नारायणपुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर राजकुमार कावड़े को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टंगिया भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
admin




