माता-पिता को कमरे में बंद कर युवती ने दी जान, सुबह हॉल में फंदे पर मिली लाश

माता-पिता को कमरे में बंद कर युवती ने दी जान, सुबह हॉल में फंदे पर मिली लाश

धमतरी। मगरलोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 में 26 वर्षीय युवती लता सिन्हा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपने माता-पिता को कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। दोनों रातभर कमरे में बंद रहे और सुबह रिश्तेदारों के पहुंचने पर दरवाजा खुला तो हॉल में लता का शव मिला।

परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात परिवार ने साथ में खाना खाया था। इसके बाद लता के माता-पिता कमरे में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान लता ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। माता-पिता ने इसे शुरुआत में मजाक समझा, लेकिन रातभर दरवाजा नहीं खुला।

सुबह दोनों ने फोन कर रिश्तेदारों को कमरे में बंद होने की जानकारी दी। रिश्तेदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। दरवाजा खोलने के बाद जब परिजन बाहर आए तो हॉल में लता फंदे पर मिली।

परिवार ने यह भी बताया कि कुछ समय से लता का गांव के एक बैगा के यहां आना-जाना बढ़ गया था और वह उससे फोन पर लंबे समय तक बातचीत करती थी। हालांकि, परिवार की यह आशंका है और इसका घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने लता का मोबाइल जब्त कर लिया है और उसकी कॉल डिटेल व अन्य जानकारी की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थी। बैगा से पूछताछ की जानकारी भी सामने आई है।

मगरलोड पुलिस ने पिता हीरालाल सिन्हा की रिपोर्ट पर मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।