जल, जंगल व जमीन छीनने वालों के खिलाफ चलाएंगे आंदोलन: राहुल
रायपुर (चैनल इंडिया)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस को अगले तीन महीने का बड़ा एजेंडा दिया है। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस के द्वारा जल, जंगल, जमीन की लड़ाई लड़ी जाएगी। बड़े औद्योगिक घरानों के द्वारा बस्तर, रायगढ़, तमनार, हसदेव में जंगल काटे जाने का विरोध किया जाएगा। साथ ही इनके खिलाफ आंदोलन करते हुए प्रभावित लोगों के साथ कांग्रेसी मिलकर आवाज उठाएंगे।
जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने आए राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और अन्य नेताओं के साथ बैठक कर संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने नेताओं से फीडबैक लिया और अलग-अलग नेताओं की बातें सुनीं। नेताओं ने सुझाव दिया कि यहां जल, जंगल और जमीन बड़ा मुद्दा है। इसपर हमें लड़ाई लडऩी चाहिए। एक नेता ने सुझाया कि खेती-किसानी का सीजन है। खाद की कमी पर मोर्चा खोलना चाहिए। नीट और महंगाई के मुद्दे पर भी नेताओं ने अलग-अलग सुझाव दिए।
नेताओं से बातचीत के दौरान यह तय किया गया कि अगले तीन माह तक प्रदेश कांग्रेस लगातार अभियान चलाएगी। उसके बाद राहुल गांधी की छत्तीसगढ़ यात्रा होगी और रायपुर में उनका एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राहुल ने प्रदेश में आने वाले दो-ढाई सालों के दौरान बड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने नेताओं से इन मुद्दों को लेकर रणनीति तैयार करने कहा।
कार्यकर्ताओं के लिए ज्यादा
सोचें और व्यक्ति पूजा न करें
अभनपुर में दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। उन्होंने जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों के साथ सीधी बातचीत की। राहुल ने कहा कि नेताओं के लिए कम और कार्यकर्ताओं के लिए ज्यादा सोचें। गुटबाजी से दूर रहें। राहुल ने जिला अध्यक्षों से कहा कि वे बिना डरें काम करें। जनता के बीच जाएं और उनके मुद्दों को बेबाकी से उठाएं। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता को साथ लेकर आंदोलन-प्रदर्शन करें। हर जिला अध्यक्ष की एक-एक गतिविधि की अब डिजिटली मॉनिटरिंग होगी। जिनका परफार्मेंस अच्छा होगा, उन्हें पार्टी बड़ी जिम्मेदारी देने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि 2028 मिशन के तहत हर कार्यकर्ता को एकजुट करना है। इसमें जिला अध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत पकड़ बनानी है। उन्होंने कहा कि जिस किसी के साथ अन्याय होगा, कांग्रेस उसके साथ खड़ी रहेगी। वह आरक्षित वर्ग के हों, बेरोजगार हों, छात्र हों या किसी भी वर्ग के हों।
टपरी में सियासी चुस्की
कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को रायपुर में प्रशिक्षण शिविर से एयरपोर्ट लौटते समय काफिला रोककर एक चाय की टपरी पर पहुंच गए। यहां उन्होंने चाय पी और बिस्किट भी खाया। उनके साथ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत भी थे।

admin 




