आषाढ़ में लगी सावन की झड़ी, अभी और दो दिन भारी बारिश होगी

आषाढ़ में लगी सावन की झड़ी, अभी और दो दिन भारी बारिश होगी
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ में पिछले एक हफ्ते से सक्रिय मानसून के चलते राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। बुधवार को रायपुर में आषाढ़ के महीने में ही सावन जैसी झड़ी देखने को मिली। इससे पहले राजधानी समेत प्रदेश के करीब 30 जगहों पर भारी से अति-भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह सिलसिला अगले दो दिनों तक यूं ही जारी रहेगा।
इतिहास मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जुलाई में यह दूसरा मजबूत सिस्टम बना है, जिसका असर बीते एक हफ्ते से पूरे प्रदेश में व्यापक रूप से दिखाई दे रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग को छोड़ दें तो राज्य के बाकी हिस्सों में लगातार तेज बारिश हो रही है। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी और एक-दो स्थानों पर बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन भी प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने तथा मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही मध्य एवं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है। अगले दो दिन तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है।
रायपुर समेत 14 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेशभर में इन दिनों बारिश का दायरा बढ़ा है। लगातार हो रही बारिश ने पिछले दिनों की वर्षा कमी को काफी हद तक पूरा किया है, लेकिन अब भी प्रदेश में बारिश सामान्य से कम है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 22 जुलाई तक प्रदेश की औसत वर्षा 389 मिमी पहुंच गई। सबसे अधिक वर्षा सारंगढ़-बिलाईगढ़ (616.6 मिमी, 187 प्रतिशत) में हुई है, जबकि बीजापुर (370.3 मिमी, 47.9 प्रतिशत) सबसे पीछे है। इसी तरह रायपुर में 450.8 मिमी बारिश के साथ 13 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है और प्रदेश के बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है।