CJP का आंदोलन जारी: जंतर-मंतर पर फिर जुटे प्रदर्शनकारी, अभिजीत दीपके बोले- संसद मार्च रहेगा जारी
नई दिल्ली। संसद मार्च के बाद जंतर-मंतर से हटाए जाने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन थमता नजर नहीं आ रहा है। सोमवार शाम पुलिस कार्रवाई के कुछ घंटे बाद ही प्रदर्शनकारी एक बार फिर जंतर-मंतर पहुंच गए और देर रात तक विरोध प्रदर्शन जारी रखा। संगठन ने साफ किया है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर खाली कराया था। हालांकि, करीब छह घंटे बाद बड़ी संख्या में CJP समर्थक दोबारा मौके पर एकत्र हो गए। रात करीब 11 बजे तक प्रदर्शन स्थल पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही। इस दौरान संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शनकारियों के बीच मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को दोहराया।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का दावा
अभिजीत दीपके ने कहा कि आंदोलन समाप्त नहीं होगा और मंगलवार को भी संसद मार्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक CJP अपने आंदोलन को जारी रखेगी। उनका दावा था कि संगठन के कार्यकर्ता जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रखेंगे।
CJP का कहना है कि उनका आंदोलन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे सहित तीन प्रमुख मांगों को लेकर जारी है। संगठन ने दावा किया कि सोमवार को संसद मार्च के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी संसद के मुख्य प्रवेश क्षेत्र तक पहुंचे।
सरकार से हुई वार्ता, मांगों पर दिया ज्ञापन
इसी बीच CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। बैठक के बाद संगठन के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सभी मांगें सरकार के समक्ष रख दी गई हैं और अब निर्णय केंद्र सरकार को लेना है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पहली बार आंदोलनकारी पक्ष को बातचीत के लिए आमंत्रित किया, जिसे संगठन अपनी बड़ी उपलब्धि मानता है। उनके अनुसार, सरकार ने आश्वासन दिया है कि मांगों पर चर्चा की जाएगी और उचित जवाब दिया जाएगा।

admin 




