मौसम का बदला मिजाज: कहीं हीटवेव का कहर, तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि

मौसम का बदला मिजाज: कहीं हीटवेव का कहर, तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी और ग्रीष्म लहर का असर जारी रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। वहीं बुधवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। कहीं तेज आंधी के साथ बारिश हुई, तो कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। कई जगह केवल बूंदाबांदी हुई, जबकि कुछ इलाकों में गर्म और शुष्क मौसम बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। इसके चलते अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि गर्मी से राहत अभी भी सीमित बनी हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दो दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान प्रदेश के एक-दो हिस्सों में हीटवेव चल सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं।

राजधानी रायपुर में बुधवार को तेज गर्मी के बीच मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने 28 मई को रायपुर में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

भीषण गर्मी के कारण दिनभर सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।