उमस और तेज गर्मी से लोग परेशान, मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में हीटवेव के आसार

उमस और तेज गर्मी से लोग परेशान, मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में हीटवेव के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हवा में नमी बढ़ने के कारण दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन से चार दिनों में प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है।

मंगलवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही कई द्रोणिकाएं भी बनी हुई हैं, जिनके प्रभाव से फिलहाल मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे रायपुर समेत कई शहरों में भीषण गर्मी और उमस का असर बढ़ेगा। वहीं मई के अंतिम सप्ताह तक केरल में मानसून पहुंचने के बाद छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।