पद्म विभूषण तीजनबाई एम्स में भर्ती, हालत गंभीर; विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

पद्म विभूषण तीजनबाई एम्स में भर्ती, हालत गंभीर; विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोककलाकार और पद्म विभूषण सम्मान से सम्मानित तीजनबाई को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के चलते रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में इलाज कर रही है।

एम्स के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तीजनबाई को सबसे पहले ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में लाया गया था। प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (MICU) में शिफ्ट किया गया।

जानकारी के अनुसार ट्रॉमा यूनिट में डॉ. नमन ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद जनरल मेडिसिन विभाग के प्रो. डॉ. प्रीतम वासनिक की देखरेख में उन्हें भर्ती किया गया। वर्तमान में मेडिसिन विभाग की डॉ. प्रणिता, पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के डॉ. रंगनाथन और किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है।

एम्स के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने कहा कि संस्थान का क्रिटिकल केयर यूनिट अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और चिकित्सकीय टीम लगातार उनकी स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।

तीजनबाई पंडवानी लोककला की विश्वप्रसिद्ध कलाकार हैं और उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को देश-विदेश में नई पहचान दिलाई है। उनके स्वास्थ्य को लेकर कला जगत और प्रदेशभर में चिंता का माहौल है।