भीषण गर्मी के बीच राहत के संकेत: 3 दिन में तापमान 3°C तक गिरेगा, कई जिलों में बारिश और अंधड़ का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है, हालांकि मौसम में अब बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कुछ इलाकों में बादल गरजने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में प्रदेशभर में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है।
कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश
सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। गादीरास में 2 सेमी, जबकि जगरगुंडा, दरभा, लोहांडीगुड़ा और नारायणपुर में 1 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान पेण्ड्रारोड में 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम सिस्टम सक्रिय, बदलेगा मिजाज
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका जैसे कई मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक इसका असर देखने को मिलेगा।
3 दिन में तापमान गिरेगा, फिर बढ़ेगा
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में फिर से धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार हैं।
कई जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने का खतरा
5 और 6 मई को प्रदेश के सभी संभागों में बारिश की संभावना जताई गई है। जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों के लिए यलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।
रायपुर में आंशिक बादल, बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

admin 





