किराए के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट,पुलिस ने महिला दलाल समेत 6 लोगों को दबोचा

किराए के मकान में चल रहा था  सेक्स रैकेट,पुलिस ने महिला दलाल समेत 6 लोगों को दबोचा

रायगढ़। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के छोटे अतरमुड़ा स्थित एक किराए के मकान में संचालित देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों,महिला दलाल सहित दो पुरुषों को पकड़ा  कार्रवाई के दौरान आपत्तिजनक सामग्री और नकदी भी जब्त की गई।

टीवी टावर इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की मिल रही थी सूचना

पुलिस को लंबे समय से टीवी टावर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर सेल और चक्रधरनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमार कार्रवाई की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली के एक किराये के मकान पर दबिश दी।

कमरे में मिले महिला-पुरुष, दूसरे कमरे में भी चल रही थी गतिविधि

छापेमारी के दौरान एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पूछताछ में पुरुष ने अपनी पहचान नेहरू चौहान (37) निवासी सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में बताई। वहीं दूसरे कमरे में दो महिलाओं के साथ एक अन्य पुरुष मीर रविउल (34) मिला, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और वर्तमान में जशपुर में रह रहा था।

2500 रुपए और आपत्तिजनक सामग्री जब्त

महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने महिला दलाल के कब्जे से ग्राहक द्वारा दिए गए 2,500 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।

पूछताछ में महिला दलाल ने किराए का मकान लेकर देह व्यापार संचालित करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ तथा नेहरू चौहान और मीर रविउल के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा इसका संचालन किस स्तर पर किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, एएसआई भागीरथी चौधरी, ज्योत्सना शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, रेणु सिंह, प्रधान आरक्षक करूणेश राय, दुर्गेश सिंह, रूपराम पटेल, बुजलाल गुर्जर, आरक्षक जगमोहन ओगरे, पुष्पेन्द्र जाटवर, महेश पंडा, संतराम केंवट, नवीन शुक्ला, विकास प्रधान, जितेन्द्र कुर्रे और महिला आरक्षक मेनका चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।