रायपुर। राजधानी रायपुर में अग्नि सुरक्षा और भवन सुरक्षा मानकों की जांच के तहत नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई संस्थानों में क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाने, अपर्याप्त वेंटिलेशन और फायर सेफ्टी नियमों में खामियां पाई गईं।
नगर निगम की टीम ने एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जांच के दौरान एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था पाई गई। इसके अलावा कुछ स्थानों पर वेंटिलेशन संबंधी कमियां भी सामने आईं। हालांकि अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं और बुनियादी मानक संतोषजनक पाए गए।
वहीं आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन, वेंटिलेशन व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्गों की उपलब्धता समेत कई सुरक्षा मानकों में खामियां दर्ज की गईं। निरीक्षण टीम ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने सभी संबंधित संस्थानों को एक सप्ताह के भीतर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए कहा है। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों और भवन सुरक्षा से जुड़े सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन ने संबंधित जोन अधिकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी कर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। संस्थान संचालकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियां दूर नहीं किए जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहर के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी इसी प्रकार की जांच और निरीक्षण अभियान आगे जारी रहेगा।