CG Weather : आंधी-बारिश के साथ बढ़ेगी चिपचिपी गर्मी, रायपुर समेत कई जिलों में उमस का अलर्ट

CG Weather : आंधी-बारिश के साथ बढ़ेगी चिपचिपी गर्मी, रायपुर समेत कई जिलों में उमस का अलर्ट

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद सामान्य से काफी नीचे गिरे तापमान में अब दोबारा बढ़ोतरी होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बढ़ने की वजह से वातावरण में नमी आ रही है, जिसके कारण लोगों को अब चिलचिलाती धूप के साथ-साथ भारी उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, इस उमस भरी गर्मी के बीच दोपहर के बाद राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज अंधड़ चलने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है। मंगलवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड पर 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, इस समय मौसम को प्रभावित करने वाले तीन प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) पूर्वी मध्य प्रदेश से उत्तर-पूर्वी तमिलनाडु तक और दूसरी द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से छत्तीसगढ़ होते हुए तटीय पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। इन सिस्टम्स के प्रभाव से बुधवार को राज्य के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

राजधानी रायपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने विशेष पूर्वानुमान जारी किया है। आज रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या आंधी चलने के आसार हैं। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम या आंधी-तूफान के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।