छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में भारी वर्षा, अगले पांच दिन मौसम रहेगा सक्रिय
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आगामी पांच दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी और अति भारी बारिश हुई। इस दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेंटीमीटर, सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेंटीमीटर, चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेंटीमीटर तथा सरसीवा में 8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य जिलों और कस्बों में भी 2 से 7 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई, जिससे नदी-नालों और जलाशयों में जलस्तर बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग ने शनिवार को भी कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार शहर में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के कारण अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी और खरीफ फसलों की बुवाई को भी गति मिलेगी।

admin 




