भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे मख्यमंत्री
रायपुर (चैनल इंडिया)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है और प्रधानमंत्री के संकल्प 2047 तक विकसित भारत, समृद्ध भारत के लक्ष्य को निश्चित रूप से ही हम प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत में महिलाओं का योगदान बहुत महत्वपूर्ण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार बनने के पीछे हमारी माताओं-बहनों का आशीर्वाद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश में महिलाओं को ध्यान में रखकर कई महती योजनाएं बनाई गईं और उसे धरातल पर क्रियान्वित किया गया, जिसके सबसे बड़े उदाहरण में एक छोटी सी पहल है स्वच्छ भारत एवं खुले में शौच मुक्त भारत। आज कई प्रदेशों में शौचालयों का नाम इज्जत घर है, जो यह समझने के लिए पर्याप्त है कि उस साधारण-सी योजना का क्या प्रभाव है!
मुख्यमंत्री ने केन्द्र एवं राज्य सरकारों द्वारा महिलाओं से सम्बन्धित योजनाओं को विस्तार से महिला नेत्रियों के बीच रखा। साथ ही अपनी योजनाओं को विस्तार से समझाया और उपस्थित महिला नेत्रियों से आग्रह किया कि आप सभी भाजपा का चेहरा हैं। सभी योजनाओं को लेकर आम लोगों, खास करके महिलाओं के बीच जाएंगीं और उन्हें सभी योजनाओं से अवगत कराएंगीं तो निश्चित ही वे भाजपा के पक्ष में ही अपना मत बनाए रखेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को विश्वास है कि हमारी सभी बहनें उत्तरप्रदेश जाने वाली हैं चुनाव में, तो निश्चित ही अपनी कार्यशैली के बल पर वहाँ भी एक बार फिर भाजपा का परचम फहराकर आएंगी।