रायपुर में गुंडे-बदमाशों पर मंडरा रहा कालचक्र, अपराधियों में डर पैदा करने पुलिस का विशेष ऑपरेशन,6 दिन में 200 अधिक पर कार्रवाई

रायपुर में गुंडे-बदमाशों पर मंडरा रहा कालचक्र, अपराधियों में डर पैदा करने पुलिस का विशेष ऑपरेशन,6 दिन में 200 अधिक पर कार्रवाई

चाकूबाज, बदमाश, नशा तस्कर और हुक्का संचालकों पर पुलिस का शिकंजा, नॉर्थ जोन में ताबड़तोड़ रेड

रायपुर। रायपुर पुलिस शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कालचक्र’ चला रही है। 18 से 23 मई तक चले इस अभियान में पुलिस ने चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों, नशा कारोबारियों और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और कोटपा एक्ट के तहत कुल 200 से ज्यादा लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

यह अभियान पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर चलाया गया। वहीं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में औचक दबिश दी।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

पुलिस ने थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, गुण्डा बदमाशों और अपराधियों की धरपकड़ की गई।

कार्रवाई के दौरान पकड़े गए आरोपी

NDPS एक्ट में 1 आरोपी गिरफ्तार

आर्म्स एक्ट में 6 आरोपी पकड़े गए

आबकारी एक्ट में 71 लोगों पर कार्रवाई

प्रतिबंधित हुक्का और सामग्री रखने पर 41 प्रकरण दर्ज

प्रतिबंधात्मक धाराओं में 81 लोगों के खिलाफ कार्रवाई

अपराधियों में डर पैदा करना है मकसद

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ‘ऑपरेशन कालचक्र’ का उद्देश्य अपराधियों में मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना, क्षेत्र में अपराध नियंत्रण करना और संगठित अपराध नेटवर्क को तोड़ना है।

अभियान के दौरान पुलिस ने कई बदमाशों और संदिग्धों को थाने बुलाकर सख्त चेतावनी भी दी। उन्हें दोबारा अपराध में शामिल होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की हिदायत दी गई।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।