नशीला पदार्थ पिलाकर बनाए अश्लील फोटो-वीडियो,फिर 2.17 लाख रुपए की ब्लैकमेलिंग; रायपुर में 2 महिलाएं गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने इस मामले में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने एक युवक को अपने घर बुलाकर शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना ली। इसके बाद सोशल मीडिया और परिवार वालों को वीडियो भेजने की धमकी देकर उससे अलग-अलग किश्तों में करीब 2.17 लाख रुपए वसूल लिए।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित की शिकायत पर गुढ़ियारी थाने में मामला दर्ज किया गया। युवक ने बताया कि उसकी परिचित महिला ने उसे अपने घर बुलाया था, जहां दूसरी महिला भी मौजूद थी। दोनों ने शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। बेहोशी जैसी हालत में उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए।
इसके बाद आरोपी महिलाएं लगातार फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फोन-पे और यूपीआई के माध्यम से पैसे मांगती रहीं। बदनामी के डर से पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में करीब 2 लाख 17 हजार रुपए उनके खातों में ट्रांसफर कर दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर के निर्देश पर गुढ़ियारी पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मोबाइल चैट, बैंक ट्रांजेक्शन, फोन-पे और यूपीआई रिकॉर्ड समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। दोनों महिलाओं को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

admin 




