रायपुर में हाईटेक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, हिस्ट्रीशीटर समेत 6 गिरफ्तार, 9 लाख कैश बरामद
रायपुर। पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने शहर में चल रहे एक बड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9.05 लाख रुपये नगद, 8 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, कैलकुलेटर और अन्य सामान जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में लगातार की जा रही मॉनिटरिंग के दौरान की गई।
मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा स्थित ओवरब्रिज के नीचे का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑनलाइन और पट्टी के माध्यम से सट्टा संचालन कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो आरोपियों राजा साहू और अभय साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट के जरिए मास्टर आईडी बनाकर सट्टा संचालित कर रहे थे और मोबाइल कॉलिंग के जरिए क्रिकेट मैचों पर हार-जीत का दांव लगवा रहे थे।
आगे की जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी समेत अन्य साथी मिलकर कर रहे थे, जो सट्टा खिलवाने के एवज में कमीशन वसूलते थे। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ-साथ पारंपरिक सट्टा पट्टी के जरिए भी अवैध कारोबार चला रहे थे।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी मंजीत सिंह गुढ़ियारी थाना का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास और जुआ एक्ट सहित करीब दो दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसकी पहुंच की भी जांच कर रही है।

admin 





