सारंगढ़-बिलाईगढ़ में ACB की बड़ी कार्रवाई: BEO रिश्वत लेते गिरफ्तार, सहयोगी भी पकड़ा गया

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में ACB की बड़ी कार्रवाई: BEO रिश्वत लेते गिरफ्तार, सहयोगी भी पकड़ा गया

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ACB बिलासपुर की टीम ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शिक्षा विभाग के एक खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में उनके सहयोगी को भी हिरासत में लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरमकेला के खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े को एक शिक्षक से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। वहीं, इस मामले में संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी सहआरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि मार्च माह का रुका हुआ वेतन जारी करने के एवज में दो शिक्षकों से 5-5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

एसीबी बिलासपुर के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के शिक्षक निरंजन बरिहा ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मार्च महीने में स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे अपने साथी शिक्षक मुकेश सोना के साथ इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज गए थे। डॉक्टर नहीं मिलने के कारण दोनों वापस स्कूल लौट आए, लेकिन लगभग आधे घंटे की देरी के चलते उनकी अनुपस्थिति दर्ज कर ली गई।

इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जिसका जवाब भी दे दिया गया था। बावजूद इसके उनका मार्च माह का वेतन रोक दिया गया। जब वेतन जारी कराने के लिए दोनों शिक्षक अधिकारी से मिले, तो उनसे 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई।

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को बरमकेला स्थित कार्यालय में रिश्वत देने भेजा गया। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की राशि लेकर उसे अपनी टेबल की दराज में रखा, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से 10,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई। साथ ही संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी अभिरक्षा में लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।